1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Feb 14, 2026, 2:00:38 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: खबर सहरसा से है। जहाँ बीते गुरुवार को बरामद सिरकटे शव की पहचान राजेश कुमार (26) के रूप में हुई है। राजेश बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करता था और उसने घर वालों से वादा किया था कि वह इस बार होली मनाने गांव आएगा। लेकिन उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक राजेश कुमार डरहार थाना क्षेत्र के सतौर पंचायत अंतर्गत नारायणपुर (वार्ड नंबर 4) का निवासी था। वह स्वर्गीय रामचंद्र यादव का बड़ा पुत्र था। पिता के निधन के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। राजेश की शिनाख्त होने के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया है। परिजनों ने स्पष्ट रूप से राजेश की हत्या की आशंका जताई है और न्याय की गुहार लगाई है।
राजेश के घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजेश जुलाई 2023 में बेंगलुरु कमाने गया था। बीच में वह अक्टूबर में अपने जन्मदिन पर घर लौटा था, लेकिन दिसंबर में दोबारा काम पर चला गया। वह अपनी मां और बहन रीना से अक्सर फोन पर बात करता था। इस बार उसने परिवार से वादा किया था कि वह होली का त्यौहार गांव में ही मनाएगा, लेकिन त्यौहार से पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई।
राजेश अपने छोटे भाई-बहनों के भविष्य को लेकर काफी गंभीर था। वह नियमित रूप से अपनी कमाई से 10-15 हजार रुपये घर भेजता था ताकि भाई-बहन पढ़ाई कर सकें। राजेश की ईमानदारी और जिम्मेदारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौत से चंद दिन पहले 8 फरवरी को उसने 10 हजार और 11 फरवरी को 5 हजार रुपये पे फोन के जरिए परिवार को भेजे थे। उसका छोटा भाई संजीव कुमार भारती फिलहाल गुजरात में एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा, सोनवर्षा थाना क्षेत्र में सुरसर नदी के समीप एक युवक का सिरकटा शव मिला था। शुक्रवार को उसकी पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। इस वारदात में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और वे जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।