1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 29, 2025, 10:52:51 PM
अपराधियों में पुलिस का डर खत्म - फ़ोटो GOOGLE
DESK: बिहार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं, यही कारण है कि वो एक के बाद एक अपराध की वारदात को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो गया है. बिहार के रोहतास और जमुई में अपराधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है. जमुई से बड़ी खबर आ रही है जहां एक 70 साल के बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गयी है।
घटना जमुई के खैरा थाना क्षेत्र के गंगटी विशनपुर गांव की है। जहां इस वारदात से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय आनंदी मोदी के रूप में हुई है। घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। वही दूसरी घटना रोहतास से सामने आ रही है जहां एक मजदूर को गोली मारी गयी है।
रोहतास के काराकाट थाना के कऊपा में एक युवक को गोली मार दी गई है। घायल रंजीत पासवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि संतोष पांडे नामक एक व्यक्ति के खेत में रंजीत पासवान मजदूरी करता है और खेत से पंपिंग सेट का मोटर चोरी हो गया है। इसके बाद चोरी का आरोप लगाते हुए रंजीत पासवान पर दबाव बनाया जा रहा था।
जिसके बाद रंजीत पासवान ने धमकी देने का आरोप लगाते हुए काराकाट थाना में आज ही एक आवेदन देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई थी। बताया जाता है कि उसके बाद जब पीड़ित थाना से लौटा तो उसे गोली मार दी गई। घायल का आरोप है कि आज सुबह से ही आरोपी उसे धमका रहा था तथा कह रहा था कि उसे गोली मार दिया जाएगा। जिस पर युवक थाने जाकर शिकायत भी किया। इसके बावजूद थाना से लौटने के दौरान उसे गोली मार दी गई। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
रोहतास से रंजन और जमुई से धीरज की रिपोर्ट