1st Bihar Published by: SONU Updated Feb 18, 2026, 7:09:45 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: नवादा पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के एक मामले में 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी बुधवार को नवादा एसपी अभिनव धीमान ने एक प्रेस वार्ता में दी।
एसपी ने बताया कि रोह थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला का शव मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 16 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि गांव के खेतों में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान की।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर रोह थाना में कांड संख्या 59/26, दिनांक 17 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
नवादा पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर 1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया था।
तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर, पुलिस टीम ने 17 फरवरी 2026 को, घटना के 24 घंटे के भीतर, दो आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने पुराने विवाद के चलते इस घटना को अंजाम देने की बात कबूल की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दिलीप यादव (पिता जयाहर यादव, निवासी सरमैठा, थाना रोह, जिला नवादा) और रामरवरूप राजवंशी (पिता स्वर्गीय मुराहरी राजवंशी, निवासी रोह क्षेत्र) के रूप में हुई है। एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।