1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jan 17, 2025, 6:30:50 PM
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हादसा - फ़ोटो google
RAJASTHAN: राजस्थान के दौसा जिले में शुक्रवार दोपहर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के काफिले की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा दोपहर करीब 1:45 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई, जिससे काफिले की दिल्ली पुलिस की गाड़ी उससे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के आगे के दोनों एयरबैग खुल गए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी।
इस हादसे में फारूक अब्दुल्ला सहित काफिले में मौजूद किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है। दुर्घटना के वक्त फारूक अब्दुल्ला अजमेर दरगाह की जियारत के लिए जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद कुछ देर के लिए वे घटनास्थल पर रुके, स्थिति का जायजा लिया और फिर अजमेर के लिए रवाना हो गए।
एस्कॉर्टिंग कार में सवार दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल पप्पूराम मीणा ने बताया कि दौसा जिले के सदर थाना क्षेत्र के भांडारेज इंटरचेंज के पास यह घटना घटी। उन्होंने बताया कि जब उनका काफिला हाईवे पर सफर कर रहा था, तभी अचानक एक नीलगाय छलांग लगाकर सड़क पर आ गई। जिससे ये हादसा हो गया। टक्कर के कारण गाड़ी को काफी नुकसान हुआ, लेकिन किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं पहुंची।