1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 07, 2025, 6:38:23 PM
लड़ाकू विमान क्रैश - फ़ोटो GOOGLE
Indian Air Force Jaguar Fighter Jet Crashes: हरियाणा से बड़ी खबर आ रही है जहां पंचकूला में एयरफोर्स का फाइटर जेट जगुआर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अंबाला एयरबेस से उड़ान भरने के बाद लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। जिस जगह पर विमान गिरा वहां अफरा-तफरी मच गयी।
बताया जाता है कि विमान में तकनीकी खराबी की वजह से यह घटना हुई। राहत की बात रही कि इस दुर्घटना में पायलट की जान बच गई। पायलट सुरक्षित है। इस घटना के बाद भारतीय वायुसेना ने जांच का आदेश दिया है। घटना हरियाणा के पंचकूला में मोरनी के पास स्थित बालदवाला गांव में हुई जहां उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी।
ग्रामीणों ने बताया कि जगुआर का पायलट पैराशूट की मदद से सुरक्षित नीचे उतरने में सफल रहा। घटना इतनी भयावह थी कि लड़ाकू विमान के टुकड़े बिखर गए। वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बात की सूचना दी है कि भारतीय वायुसेना के एक जगुआर विमान के क्रैश का कारण सिस्टम में खराबी थी।
इस घटना की सच्चाई जानने के लिए वायुसेना ने जांच का आदेश दे दिया है। वायु सेना की तरफ से पूरी घटना की गहनता से जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी कोई दुर्घटना न हो। ऐसे हालात में अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी जाती है और आगे किसी भी कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।