1st Bihar Published by: KHUSHBOO GUPTA Updated Feb 08, 2025, 7:51:17 AM
ठंडी हवाओं ने बढ़ाई दिल्ली में ठंड - फ़ोटो google
Delhi weather alert: उत्तर भारत में मौसम लगातार बदल रहा है। बात करें दिल्ली-एनसीआर की तो यहां कभी ठंडी तो कभी गर्मी लग रही है। दिल्ली -एनसीआर में दिन में चलने वाली तेज रफ्तार की हवाओं ने फिर से कंपकपी बढ़ा दी है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर सहित देश के पहाड़ी इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
फरवरी में दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने फिर करवट ली है। दिन में कभी धूप तो कभी तेज ठंडी हवाओं के झोंके लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। 12 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी है। वहीं, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश के कारण ठंड अभी भी बरकरार है।
शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान औसत से 1 से 2 डिग्री कम था। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले हफ्ते में दिल्ली का तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने बताया कि असम, अरुणाचल प्रदेश और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में 10 और 11 फरवरी को झमाझम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही हिमालयी भागों में 8 से 12 फरवरी यानी 5 दिनों तक झमाझम बारिश के साथ बर्फबारी होने की भी संभावना है।