Hindi News / news / Arrah News: नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मां के लिए...

Arrah News: नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मां के लिए दवा लेने निकला था बिहार पुलिस का जवान

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Dec 14, 2024, 9:43:00 PM

Arrah News: नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मां के लिए दवा लेने निकला था बिहार पुलिस का जवान

- फ़ोटो

ARRAH: मां के लिए दवा लेकर घर लौट रहे बिहार पुलिस के एक जवान की सड़क हादसे में मौत हो गयी। घटना आरा-बक्सर फोरलेन की है। मृतक की पहचान बक्सर के अरख गांव निवासी स्व. सत्यनारायण सिंह के पुत्र सुधीर कुमार सिंह के रूप में हुई है। जो बेतिया में सिपाही के पद पर तैनात थे। 


घटना के संबंध में बताया जाता है कि उनकी मां की तबीयत खराब थी। मां की दवा लाने वो बाइक से बाजार गये हुए थे। दवा लेकर वो आरा-बक्सर फोरलेन से घर लौट रहे थे तभी अचानक बीच सड़क पर नीलगाय आ गयी और अनियंत्रित होकर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आनन-फानन में वहां मौजूद लोगों ने उन्हे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले गये जहां प्राथमिक उपचार किया गया। 


उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। आरा सदर अस्पताल से उन्हें पीएमसीएच ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां के आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 


घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जाता है कि मृतक सुधीर कुमार सिंह एकलौते पुत्र थे। पिता की मौत के बाद अनुकंपा पर सिपाही की नौकरी लगी थी। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। इस घटना के बाद पत्नी काफी सदमें में हैं। उनके गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।