1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Mar 24, 2026, 9:04:31 PM
परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो सोशल मीडिया
BEGUSARAI: बिहार में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है, ऐसा लगता है कि इनके अंदर पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। यही कारण है कि ये आए दिन एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को बेखौफ अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। इस बार बेगूसराय में अपराधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। जहां 12 घंटे में तीसरी वारदात से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। नाबालिग छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है।
मंगलवार की शाम करीब 5 बजे एक नाबालिग छात्र को अपराधियों ने निशाना बनाया है। गोली मारकर उसकी निर्मम हत्या कर दी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है। घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के गोड़ा-1 पंचायत अंतर्गत चुरामन चक बहियार का है। मृतक की पहचान गोड़ा पंचायत-1 के वार्ड संख्या-6 निवासी सिकंदर साह के 16 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है। वह नौवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार आयुष के सीने समेत शरीर पर दो गोली के निशान पाए गए हैं।
मृतक के बाबा भागीरथ शाह ने बताया कि आयुष अपने मामा के यहां साइकिल लेकर खेत की ओर जा रहा था, जहां उसका मामा पहले से मौजूद था। इसी दौरान रास्ते में ही बदमाशों ने उसे रोक लिया और गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूरी पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों के मुताबिक आयुष तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां-बाप और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आयुष सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था और दोस्तों के साथ अक्सर रील्स बनाता था। जिस स्थान पर उसकी हत्या हुई, वहां भी वह पहले कई बार अपने दोस्तों के साथ जाता था। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी काफी देर बाद मिली, जब राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में शव की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है। तेघड़ा डीएसपी के नेतृत्व में थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अपराधियों के करीब पहुंच चुकी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। हालांकि अब तक परिजनों की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
गौरतलब है कि बेगूसराय में महज 12 घंटे के भीतर यह तीसरी बड़ी आपराधिक घटना है - मोहनपुर (मुफस्सिल थाना): युवक की पीट-पीटकर और गोली मारकर हत्या, हसनपुर (तेघड़ा): एक्सिस बैंक में हथियार के बल पर लूट और अब चुरामन चक बहियार (तेघड़ा): नाबालिग छात्र आयुष कुमार की गोली मारकर हत्या। इस तरह की लगातार हो रही इन घटनाओं से जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और लोगों में भय का माहौल है।