1st Bihar Published by: First Bihar Updated Nov 27, 2023, 7:12:42 PM
- फ़ोटो
NALANDA: लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जमुई सांसद चिराग पासवान आज बिहारशरीफ पहुंचे जहां कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर लगने वाले बाबा चौहरमल मेला का उन्होंने उद्घाटन किया। चिराग पासवान के कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे युवाओं ने चिराग पासवान का जोरदार स्वागत किया और चिराग पासवान जिंदाबाद के नारे लगाए।
चिराग पासवान ने इस दौरान एक सभा को भी संबोधित किया। नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने ही गठबंधन की पार्टी राजद पर निशाना साध रहे हैं। यह एक बार नहीं बार-बार ऐसा कर रहे हैं। जेडीयू का कार्यक्रम भीम संसद में नीतीश ने 2005 के पहले के बिहार की याद ताजा करवाई लेकिन राजद मौन बनी रही।
चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार को यह जानकारी होनी चाहिए कि आज की स्थिति 2005 के पहले से भी बदत्तर है। आए दिन बिहार में हत्या, लूट, बलात्कार की घटना हो रही है। बिहार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं यही कारण है कि अपराधी एक के बाद एक अपराध की घटना को अंजाम दे रहे हैं लेकिन इस पर सरकार का अंकुश नहीं है।