1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 14, 2024, 10:30:55 PM
- फ़ोटो
RAJSTHAN: राजस्थान से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है जहां भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गयी। घटना सीकर जिले के फतेहपुर की जहां मेरठ के रहने वाले एक ही परिवार के सात लोग कार में लगी आग में जिंदा जल गये। इस दर्दनाक घटना को देख लोग भी हैरान रह गये।
बताया जाता है कि ओवरटेक के चक्कर में तेज रफ्तार से आ रही कार एक ट्रक के नीचे घुस गयी और तभी गैस पाइप फट गया जिसके बाद गैस किट सिलेंडर में आग लग गयी। देखते ही देखते कार में भीषण आग लग गयी। वही जिस ट्रक के नीचे कार घुसी उस ट्रक में रूई लदा हुआ था जो कार पर आकर गिर गई। रूई ने आग में घी का काम किया और कार धूं-धूकर कर जलने लगी।
लोगों ने कार सवार को बचाने की कोशिश की लेकिन आग इतनी भयावह थी कि सफलता नहीं मिली। पलक झपकते ही एक साथ सात लोग अगलगी की इस घटना में बुरी तरह से झुलस गये और सभी की मौके पर ही मौत हो गयी। वही ट्रक का ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान मेरठ के शारदा रोड निवासी हार्दिक, उनकी पत्नी और मां, दो बेटियां, मौसी, मौसी के बेटे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
