1st Bihar Published by: Updated Feb 14, 2022, 8:46:51 PM
- फ़ोटो
PATNA: लौरिया से BJP विधायक विनय बिहारी पर लगाए गये किडनैपिंग का आरोप गलत निकला। दरअसल पटना के अगमकुआं थाने में रविवार को पहुंची लड़की का बयान 164 के तहत आज कोर्ट में दर्ज कराया गया। जिसमें रीमीसा राज ने बताया कि वे अपनी मर्जी से राजीव सिंह के साथ गई थी और उनके साथ शादी भी कर चुकी है।
लड़की ने इस दौरान उसने अपने बालिग होने का प्रमाण पत्र भी दिया। रीमीसा ने कोर्ट में राजीव सिंह के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की। जिसके बाद कोर्ट के आदेशानुसार राजीव सिंह (लड़का) के परिजनों के साथ रीमीसा राज (लड़की) उनके घर गई।
गौरतलब है कि बीते रविवार को अचानक से उस वक्त विनय बिहारी सुर्खियों में आ गए जब उनके ऊपर किडनैपिंग का आरोप लगा। विधायक विनय बिहारी के खिलाफ एक लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने लड़की को अगवा किया है।
बाद में यह मामला प्रेम प्रसंग का निकला और जिस लड़की को अगवा करने का आरोप लगाया गया था वह लड़की भी रविवार की देर शाम पटना के अगमकुआं थाना में पहुंच गई। जिसके बाद लड़की का बयान 164 के तहत दर्ज कराया गया। जिसमें उसने कोर्ट को बताया कि वह अपनी मर्जी से राजीव सिंह के साथ गयी थी और शादी की थी।