1st Bihar Published by: SONU Updated Dec 12, 2024, 4:23:24 PM
- फ़ोटो
KATIHAR: कटिहार में एक भतीजे ने अपने ही चाचा की पीट-पीटकर जान ले ली। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। छोटी सी बात पर भतीजे ने चाचा को इतना पीटा की उसकी जान चली गई। घटना आजमनगर थाना क्षेत्र के महेशपुर बारी महंतपुर गांव की है।
मृतक की पहचान महेशपुर पंचायत के महंतनगर कबूतरखौकी गांव निवासी 50 वर्षीय मटरू विश्वास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मटरू विश्वास की बकरी चरते-चरते उनके भतीजे मोतीलाल विश्वास के खेत में चली गई थी। बस इसी बात को लेकर दोनों चाचा-भतीजा के बीच में विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान भतीजा मोतीलाल विश्वास ने लाठी से पीट पीटकर चाचा को बुरी तरह घायल कर दिया, जिसमें मटरू विश्वास की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर आजमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी भतीजा और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।