1st Bihar Published by: First Bihar Updated Nov 05, 2024, 3:56:33 PM
- फ़ोटो
SAMASTIPUR: समस्तीपुर में एक छात्रा को दो मनचलों की शिकायत करना भारी पड़ गया। दोनों बदमाशों ने कोचिंग जा रही लड़की को बीच सड़क पर चाकू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना पूसा थाना क्षेत्र के विरौली चौक की है।
जानकारी के मुताबिक, खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र के टारा बरियारपुर निवासी अशोगक कुमार की बेटी स्नेहा अपने मामा के घर मोरसंड में रहकर पढ़ाई करती है। किसी बात को लेकर कोचिंग में उसके साथ पढ़ने वाले दो लड़कों से उसका विवाद हो गया था। विवाद के बाद स्नेहा ने दोनों की शिकायत कोचिंग संचालक से कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों मनचले स्नेहा को सबक सीखाने की योजना बनाई थी।
हर रोज की तरह स्नेहा शाम को कोचिंग जा रही थी, तभी विरौली चौक के पास बाइक सवार दोनों लड़कों ने उसे घेर लिया और उसके ऊपर चाकू से वार कर बुरी तरह से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद मनचले मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर एक आरोपी ज्योति आदित्य को धर दबोचा और दूसरे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।