1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Nov 23, 2024, 9:36:48 PM
- फ़ोटो
SAHARSA: सहरसा में एक युवक को गोली लगने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआत में युवक ने आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला हुआ है और उसने तीन लोगों के नाम बताए थे। हालांकि, पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि युवक को खुद की गलती से गोली लगी थी और उसने अन्य लोगों पर झूठा आरोप लगाया था।
पुलिस के अनुसार, जख्मी युवक गोलू सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ अवैध हथियार देख रहा था। इसी दौरान हथियार गिर गया और गोली चल गई। गोलू सिंह की जांघ में गोली लगी।
घटना के बाद गोलू सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और मो. अजमेर सहित तीन अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया। मो. अजमेर से उसकी बाइक चोरी होने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने मो. अजमेर समेत अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
हालांकि, पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना गुनाह स्वीकार नहीं किया। पुलिस ने गहन जांच की और सीसीटीवी फुटेज की मदद से सच्चाई का पता लगाया। पुलिस को पता चला कि गोलू सिंह और उसके दोस्तों ने मिलकर यह साजिश रची थी। पुलिस ने गोलू सिंह के तीन दोस्तों प्रेम आनंद, नमो नारायण और प्रवीण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मो. अजमेर को भी बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस जख्मी के अन्य दोस्तों की तलाश कर रही है।