1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Nov 22, 2024, 12:02:20 PM
- फ़ोटो
SAHARSA: सहरसा के सदर थाना क्षेत्र के कोकोनट गार्डन के समीप गुरुवार की देर शाम बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक चोरी बनी वजह
घायल युवक की पहचान संतनगर निवासी 22 वर्षीय दुष्यंत कुमार उर्फ गोलू सिंह के रूप में हुई है। घटना के संबंध में दुष्यंत ने बताया कि बीते 29 अक्टूबर को उसकी बाइक शहर के डीबी रोड स्थित ताज होटल के समीप से चोरी हो गई थी। उसने इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर ली थी।
20 हजार की फिरौती मांगी
दुष्यंत के अनुसार, बाइक चोरी करने वाले युवक मो. अजमेर ने उससे 20 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। जब दुष्यंत ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो मो. अजमेर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे गोली मार दी। गोली युवक के जांघ और प्राइवेट पार्ट में लगी है।
क्या कहती है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।