Hindi News / news / Bihar News: बेटे के तिलक से पहले मां की मौत, पटना में दर्दनाक...

Bihar News: बेटे के तिलक से पहले मां की मौत, पटना में दर्दनाक हादसे में गई जान; मातम में बदली खुशी

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Nov 17, 2024, 3:25:23 PM

Bihar News: बेटे के तिलक से पहले मां की मौत, पटना में दर्दनाक हादसे में गई जान; मातम में बदली खुशी

- फ़ोटो

PATNA: पटना में एक शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। बेटे का तिलक चढ़ने से पहले मां की अर्थी उठ गई। मृतक महिला के बेटे का रविवार को तिलक आना था लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। इस घटना के बाद मृतक महिला के परिजनों में कोहराम मच गया है और शादी के घर में चीख पुकार मच गई है।


मृतक महिला की पहचान बिक्रम थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव की रहने वाली 52 वर्षीय प्रभा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों बाद ही प्रभा देवी के बेटे की शादी होने वाली थी। रविवार को लड़की वाले बेटे का तिलक लेकर उसके घर पहुंचने वाले थे।


घर में तिलक समारोह की तैयारियां चल रही थी। इसी बीच किसी जरूरी काम से प्रभा देवी आरा जाने के लिए घर से निकल गई। बिहटा रेलवे स्टेशन से आरा वाली ट्रेन में चढ़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


रेल पुलिस द्वारा परिजनों को घटना की जानकारी दिए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और तिलक की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए दानापुर भेज दिया है।