1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 18, 2023, 6:53:17 PM
- फ़ोटो
DESK: बड़ी खबर छत्तीसगढ़ के बीजापुर से आ रही है, जहां कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के काफिले पर नक्सली हमला हुआ है। वारदात उस वक्त हुई जब कांग्रेस विधायक समेत अन्य लोग नक्सल प्रभावित गंगालूर हाट बाजार में नुक्कड़ सभा करने के बाद वापस जिला मुख्यालय लौट रहे थे। नक्सलियों ने पदेड़ा गांव के पास कांग्रेस विधायक के काफिले पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी।
फायरिंग की इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान किसी को गोली नहीं लगी और कांग्रेस विधायक समेत काफिले में मौजूद अन्य कांग्रेसी नेता सुरक्षित बच गए। नक्सलियों ने कांग्रेस विधायक के ऊपर क्यों हमला किया फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है। पुलिस ने कांग्रेस विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी है और इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
