1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 01, 2024, 4:08:25 PM
- फ़ोटो
DESK: बिहार के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है जहां भीषण सड़क हादसे में 5 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गयी है। वही 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायलों को आनन-फानन में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि सभी मजदूर हरियाणा से धान की रोपाई करके इको कार से अपने घर लौट रहे थे। तभी ईको कार और ट्रक की सीधी टक्कर हो गयी। इस जोरदार टक्कर में ईको कार के परखच्चे उड़ गये और उसमें सवार 5 यात्री की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना अलीगढ़ के खेर कोतवाली इलाका स्थित अनाज की मंडी के पास हुई। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल मजदूरों को कार से बाहर निकाला गया और सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायल मजदूरों का इलाज जारी है। सभी घायल जनपद पीलीभीत के रहने वाले हैं। वही मृतक की यही के रहने वाले थे। मृतकों में ईको कार कार ड्राइवर भी शामिल है जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। जबकि अन्य 4 मृतकों की पहचान पीलीभीत के सेहरामऊ थाना क्षेत्र निवासी जंगबहादूर के बेटे विपिन, चंद्रिका प्रसाद के बेटे लालता, बांकेलाल के पुत्र अर्जुन और दीनदयाल के पुत्र हरिओम के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज घटना की जानकारी परिजनों को दी। वही घायल मजदूरों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सभी का इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।