1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 27, 2024, 2:30:48 PM
- फ़ोटो
KATIHAR: कटिहार में एक विवाहिता की संदेहास्पद स्थिति में फंदे से लटका शव बरामद किया है। घटना समेली प्रखंड की है जहां पोठिया पुलिस ने शव को बरामद किया है। मिली जानकारी अनुसार हरदा निवासी रामकुमार पंडित की 26 वर्षीया बेटी लुसी कुमारी की शादी तकरीबन डेढ़ साल पहले समेली प्रखंड अंतर्गत खैरा लालचंद के गोपाल पंडित के पुत्र अजीत कुमार से हुई थी। अजीत कुमार रेलवे ग्रुप डी में कार्यरत है।
वहीं घटना के संबंध में मृतका की मां ने बताया सूचना मिली थी कि उनकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली है। जब हम यहां आए तो देखे कि बेटी अपने रूम में पलंग के ऊपर फंदे से लटकी हुई है। जिसे देखकर ऐसा लगता है कि उसकी हत्या की गयी है। हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। मृतका की मां ने बताया कि उनका दामाद किसी लड़की से प्रेम करता है। प्रेम-प्रसंग के कारण मेरी बेटी की हत्या कर पति और ससुरालवाले फरार हो गए हैं।
वहीं मृतका के मामा समेली पोठिया निवासी विश्वजीत कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह मेरी बहन ने फोन कर बताया कि उसकी भांजी लुसी की उसके ससुराल वाले ने हत्या कर दी है। हत्या की खबर सुनते ही आनन-फानन में वो खैरा लालचंद पहुंचे जहां देखा कि उनकी भांजी लुसी कुमारी का शव फंदे से लटका हुआ है जबकि उसका पांव पलंग में सटा हुआ था।
वहीं मृतका के मामा ने बताया कि पुलिस ने बिना एफआईआर के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत मेरी भांजी की हत्या कर दी गई है। हम पुलिस प्रशासन से मांग करते हैं कि मामले की निष्पक्षता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाय। घटना के बाद से फरार पति और ससुरालवालों की गिरफ्तारी की मांग मृतका के परिजन कर रहे हैं।