1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 25, 2024, 10:27:02 PM
- फ़ोटो
PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिहार के चर्चित कोचिंग टीचर खान सर ने मुलाकात की। सीएम से मुलाकात के बाद खान सर ने नीतीश कुमार की खूब तारीफ की। कहा कि 5 आईएएस अधिकारियों के बराबर अकेले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काम करते हैं। उनकी टेबल पर कोई फाइल पेंडिंग नहीं मिलेगी। खान सर ने उन लोगों को करारा जवाब दिया है जो अक्सर नीतीश कुमार की उम्र और उसके असर को लेकर सवाल उठाते रहते हैं।
दरअसल सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्रों की समस्या को लेकर खान सर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या वो राजनीति में कदम रखेंगे? तब उन्होंने कहा कि राजनीति में पढ़े-लिखे लोगों को आना चाहिए लेकिन उनके पास अभी फुर्सत नहीं है। वो अगर राजनीति करेंगे तो बच्चों को कौन पढ़ाएगा?
खान सर आगे कहते हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पर सवाल पूछा जाता है कि कही आप राजनीति में तो नहीं आ रहे हैं? यदि किसी दिन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से मिलेंगे तब यह नहीं पूछा जाएगा कि आप क्रिकेट खेलने जा रहे हैं? और यदि किसी दिन किसी फिल्म स्टार से मिला तो ये नहीं पूछा जाएगा कि क्या वो बॉलीवुड में किस्मत आजमाने जा रहे हैं? लेकिन किसी राजनेता से मिलता हूं तब यह सवाल पूछा जाता है कि आप पार्टी कब ज्वाइन कर रहे हैं। वो बच्चों की बात को सीएम नीतीश के समक्ष रखने आए थे। उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने आए थे।