1st Bihar Published by: 7 Updated Jul 26, 2019, 8:38:35 PM
- फ़ोटो
PATNA : पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने लोकसभा में शून्य काल में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा बाणसागर बांध से बिहार को कम पानी छोड़े जाने का मामला उठाया. उन्होंने केन्द्र सरकार से तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप कर बिहार को पर्याप्त पानी देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया. साथ ही उन्होंने जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिल कर मांग पत्र सौंपा. राम कृपाल यादव ने कहा कि पटना, अरवल, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर और भोजपुर जिले में सिंचाई व्यवस्था इन्द्रपूरी बराज से निकली पूर्वी और पश्चिमी सोन नहर प्रणाली पर पूरी तरह से निर्भर है. सोन नदी के इन्द्रपूरी बराज, बिहार पर जलश्राव की अत्यधिक कमी और वर्षा नहीं होने के कारण इन ईलाकों में सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई है. जिसके कारण किसानों को धान की रोपनी करने में बहुत दिक्कत हो रही है. सिंचाई के लिए पानी की अत्यधिक कमी को देखते हुए बिहार सरकार ने मध्य प्रदेश सरकार से वाणसागर बांध परियोजना से 10 हजार क्युसेक तथा उत्तर प्रदेश सरकार से रिहन्द बांध परियोजना से 9 हजार क्यूसेक पानी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. उत्तर प्रदेश सरकार बिहार सरकार द्वारा मांगी गई पानी की मात्रा के लगभग पानी छोड़ रही है लेकिन मध्य प्रदेश सरकार आधे से भी कम मात्रा में पानी छोड़ रही है. पटना से राहुल सिंह की रिपोर्ट