1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 24, 2026, 7:52:44 PM
- फ़ोटो Google
Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सप्ताह बिहार के सीमांचल क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। 25 से 27 फरवरी तक वे पूर्णिया, किशनगंज और अररिया में प्रवास कर सीमावर्ती जिलों में घुसपैठ, सुरक्षा व्यवस्था और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री 25 फरवरी, बुधवार को शाम 4 बजे पूर्णिया पहुंचेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए किशनगंज जाएंगे। किशनगंज समाहरणालय में करीब दो घंटे की समीक्षा बैठक होगी। उनका रात्रि विश्राम भी किशनगंज में ही निर्धारित है।
26 फरवरी, गुरुवार को गृह मंत्री अररिया पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे वे अररिया के सीमा चौकी लेटी के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद समाहरणालय में भारत-नेपाल सीमा से संबंधित मुद्दों पर सीमावर्ती जिलों के एसपी और डीएम के साथ बैठक करेंगे। बैठक के उपरांत वे ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ की समीक्षा भी करेंगे। शाम को वे पुनः पूर्णिया लौटेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा।
27 फरवरी, शुक्रवार को पूर्णिया में भारत-नेपाल सीमावर्ती जिलों से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक करने के बाद गृह मंत्री दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यह पहला अवसर है जब केंद्रीय गृह मंत्री तीन दिनों तक सीमांचल में प्रवास करेंगे।
सीमांचल क्षेत्र नेपाल और बांग्लादेश सीमा से सटा है तथा ‘चिकन नेक’ इलाके के समीप स्थित होने के कारण सामरिक रूप से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। बदलती जनसांख्यिकी और घुसपैठ के मुद्दों को लेकर भी यह क्षेत्र राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा है।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और मार्ग सुरक्षा की समीक्षा की है। हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक प्रत्येक 100 मीटर पर पुलिस बल की तैनाती की योजना बनाई गई है। गृह मंत्री की मौजूदगी में सीमावर्ती सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।