1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Oct 13, 2025, 6:24:37 PM
अमित शाह का बिहार दौरा - फ़ोटो Google
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर प्रदेश की सियासत गर्म है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार, 13 अक्टूबर को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अमित शाह 16, 17 और 18 अक्टूबर को बिहार में रहेंगे और विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
दूसरी ओर, एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर अंदरूनी नाराजगी की खबरें भी सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा छह सीटें मिलने से असंतुष्ट हैं और उनकी मांग इससे अधिक है। इसी बीच पटना में सोमवार को होने वाली एनडीए की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को स्थगित कर दिया गया, जिससे यह चर्चा तेज हो गई कि क्या एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा?
हालांकि बीजेपी की ओर से इन अटकलों को खारिज किया गया है। बीजेपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दिलीप जायसवाल ने साफ कहा कि, अभी का जो माहौल है, उसमें एनडीए चट्टानी एकता के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है। यही कारण है कि महागठबंधन में भगदड़ मची हुई है और उनके बड़े-बड़े नेता-विधायक बीजेपी की सदस्यता ले रहे हैं।
उन्होंने सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि कितनी सीटों पर कौन दल चुनाव लड़ेगा, यह जानकारी हम पहले ही साझा कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने एनडीए के नामांकन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। 15 से 18 अक्टूबर तक चार दिन में पूरे बिहार में एनडीए उम्मीदवारों का नामांकन कराया जाएगा।
इसके लिए राज्य के विभिन्न जिलों को अलग-अलग भागों में बांटा गया है, और हर जिले में एनडीए के वरिष्ठ नेता नामांकन के समय मौजूद रहेंगे। इस दौरान देश के कई राज्यों के एक दर्जन से अधिक मुख्यमंत्री, केंद्र सरकार के मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता बिहार आएंगे और चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे।