Bihar Assembly Monsoon session: सदन में फिर से भिड़ गए तेजस्वी यादव और विजय सिन्हा, स्पीकर ने पढ़ाया मर्यादा का पाठ

Bihar Assembly Monsoon session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में एक बार फिर तेजस्वी यादव और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। "खटारा सरकार" टिप्पणी पर विजय सिन्हा भड़क उठे और लालू-राबड़ी राज को दोषी ठहरा दिया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 24, 2025, 2:35:08 PM

Bihar Assembly Monsoon session

- फ़ोटो reporter

Bihar Assembly Monsoon session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा एक बार फिर से भिड़ गए। तेजस्वी यादव के यह कहने पर कि बिहार में खटारा सरकार है, इसपर विजय सिन्हा भड़क घए और इसे लालू-राबड़ी राज की देन बता दिया। इस दौरान तेजस्वी यादव ने भाषा की मर्यादा को तोड़ा तो स्पीकर ने पक्ष-विपक्ष को मर्यादा का पाठ पढ़ा दिया।


दरअसल, सदन में दूसरी पाली की कार्यवाही के दौरान समाज कल्याण विभाग के कटौती प्रस्ताव पर वाद विवाद शुरू हुआ। कटौती प्रस्ताव पर तेजस्वी यादव पक्ष रख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बयान आया था कि चुनाव तक तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बिहार में एनडीए का नेतृत्व करेंगे लेकिन चुनाव के बाद समय बताएगा कि कौन बिहार का सीएम होगा। आखिर क्या कारण है कि अमित शाह को अब नीतीश कुमार पर भरोसा नहीं है।


उन्होंने कहा कि अमित शाह यह एलान कर दें कि नीतीश कुमार ही 2025 से 2030 तक मुख्यमंत्री होंगे। अब तो सरकार भी इजाजत नहीं देती है कि 15 साल की खटारा गाड़ी सड़क पर चले। इसपर डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जिनके पिता जी ने पूरे बिहार को बर्बाद कर खटारा बना दिया, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उसी बिहार को आज उसे नए ढंग से सजा कर फूल स्पीड में गाड़ी को लेकर चल रहे हैं। ये पहले अपने पिता जी पर ध्यान रखें, मुख्यमंत्री तो प्रगति के नए आयाम तैयार कर रहे हैं।


इसपर तेजस्वी यादव ने विजय सिन्हा को कहा कि आप की पीड़ा जायज है। लखीसराय में एक केंद्रीय मंत्री हैं जो इनको जीने नहीं देते हैं और दूसरे सम्राट चौधरी का इतना बड़ा हो गया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में यह कितने छोटे दिखते है और बौना जैसा दिखते हैं। ये अपना खुनस सदन में निकालते हैं। लालू जी ने आपका क्या बिगाड़ा है, जो बिगाड़ रहा है उसको कहिए।


इसपर स्पीकर नंदकिशोर यादव ने तेजस्वी यादव से कहा कि आप नेता विरोधी दल हैं, संयोग से मुझे भी वहां रहने का ढ़ाई साल अवसर मिला है। तीखी से तीखी बात कहने का अधिकार नेता विरोधी दल को है लेकिन यह भी बात है कि अगर भाषा पर संयम हो तो तीखी से तीखी बात कही जा सकती है। व्यक्तिगत आक्षेप की जगह नीतिगत विषयों पर बात करेंगे तो अच्छा रहेगा।