1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 11, 2026, 11:30:58 AM
अधूरे 12 लाख घरों का मुद्दा - फ़ोटो bihar vidhansabha tv
Bihar Assembly: बिहार विधानसभा की कार्यवाही जारी है। सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्ष ने बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना का मामला उठाया और सरकार से पूछा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने वाला है लेकिन अभी तक लाभार्थियों के आवास का निर्माण राशि के अभाव में बाकी पड़े हैं। इसपर सरकार की तरफ से मंत्री को सदन में जवाब देना पड़ा।
दरअसल, गोह के आरजेडी विधायक अमरेंद्र कुमार ने सदन में सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि बिहार और केंद्र में डबल इंजन की सरकार है लेकिन सरकार के दोनों ही इंजन फेल हो गए हैं। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में करीब डेढ़ महीने और बचे हैं लेकिन राशि के अभाव में लगभग 12 लाख आवास अपूर्ण हैं। मंत्री से जानना चाहते हैं कि राज्य सरकार द्वारा केंद्र से कितनी राशि की मांग की गई थी और कितनी राशि प्राप्त हुई है।
आरजेडी विधायक के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने सदन में सरकार का जवाब रखते हुए कहा कि केंद्र सरकार पैसा देने को तैयार है और ऐसी बात नहीं है कि पैसा नहीं दे रही है। राज्य स्तर पर जो नियम बनाने थे, उसमें थोड़ी विलंब हुई है और विलंब के कारण भारत सरकार में जाना पड़ा और केंद्रीय मंत्री से भी मुलाकात हुई है।
श्रवण कुमार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया था कि जबतक हम नई व्यवस्था नहीं कर लेते हैं तबतक राशि का आवंटन किया जाए। इसके बाद राशि का आवंटन मिली भी है लेकिन राज्य सरकार की तरफ से फिर से पत्र लिखा गया है और फिर से केंद्रीय मंत्री से मिलकर मार्च तक आदेश प्राप्त करेंगे। जो आवास अपूर्ण हैं उसे समय पर पूरा कराने की कोशिश करेंगे।