1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sep 09, 2025, 11:43:10 AM
- फ़ोटो Google
Bihar Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपने उस वादे को पूरा कर दिखाया है, जिसमें उन्होंने बिहार की आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के मानदेय में बढ़ोतरी करने का एलान किया था। पटना में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार ने इस प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है।
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य की जनता को सौगात पर सौगात दे रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका को बड़ी सौगात देने का एलान किया था। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही थीं। उनकी पुरानी मांग को पूरा करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने सेविका-सहायिका के मानदेय को बढ़ाने का एलान किया था।
मंगलवार को मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की बैठक बुलाई थी। बैठक में कैबिनेट ने विभिन्न विभागों के कुल 25 प्रस्तावों पर अपनी स्वीकृति दे दी। इन 25 एजेंडों में समाज कल्याण विभाग का वह प्रस्ताव भी शामिल था जिसमें सरकार ने आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के मानदेय को बढ़ाने का वादा किया था।
अब आंगनबाड़ी सेविका को प्रति महीने 9000 और सहायिका को 4500 रुपए मानदेय के तौर पर मिलेंगे। पहले सेविका का मानदेय 7000 और सहायिका का मानदेय 4000 था, जिसे सरकार ने बढ़ा दिया है। समाज कल्याण विभाग को इसके लिए प्रति वर्ष 345 करोड़ 19 लाख 20 हजार अतिरिक्त व्यय करने की स्वीकृति मिली है। बढ़ा हुआ मानदेय 1 अक्टूबर 2025 से प्रभावी हो जाएगा।