1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 19, 2025, 7:04:26 PM
- फ़ोटो reporter
PM Modi Bihar Visit: बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा मंगलवार को गया पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 22 अगस्त को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा की और प्रेस वार्ता को संबोधित किया। विजय सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रदेशवासियों में जबरदस्त उत्साह है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि मैं आज कई स्थानों से होते हुए गया पहुंचा हूं। लोग बेहद उत्साहित हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर क्षेत्र में देश के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। यही वजह है कि उनके दौरे को लेकर जनता में उत्सव जैसा माहौल है। विजय सिन्हा ने इस दौरान विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए थे। डिप्टी सीएम ने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष की भूमिका अब खलनायक जैसी हो गई है। प्रतिपक्ष को सकारात्मक होना चाहिए, लेकिन ये लोग संविधान की किताब लेकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। पहले संवैधानिक संस्थाओं का अपमान किया, अब उन्हें धमकाने का काम हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि अगर विपक्षी नेता गुंडों की तरह भाषा इस्तेमाल करने लगें तो यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जो नेता संविधान की मर्यादा नहीं समझते, उन्हें लोकतंत्र की जिम्मेदारी संभालने का कोई अधिकार नहीं है। उनके शब्द, बॉडी लैंग्वेज और रवैया सभी संसदीय गरिमा के खिलाफ हैं। संविधान हमारी अमूल्य धरोहर है और इसके प्रति सभी को समर्पित होना चाहिए।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी