1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Nov 02, 2025, 11:48:07 AM
- फ़ोटो Google
Anant Singh Arresting: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मोकामा की राजनीतिक जमीन फिर गरमा गई है। जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद जदयू और राजद के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। तेजस्वी यादव ने सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था। अब जेडीयू ने तेजस्वी यादव से पूछा है कि रीतलाल यादव किस मठ के महंत हैं?
दरअसल, बीते 30 अक्टूबर को मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान जन सुराज समर्थक और लालू यादव के करीबी दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राजद नेता तेजस्वी यादव ने नामजद आरोपी अनंत सिंह पर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।
शनिवार देर रात पुलिस ने अनंत सिंह को बेढ़ना स्थित उनके मार्केट से गिरफ्तार किया। उन्हें पटना एसएसपी कार्यालय परिसर स्थित स्पेशल सेल में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। आज उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने के बाद जेल भेजे जाने की संभावना है। इस मामले में चुनाव आयोग ने सख्त कार्रवाई की है और अब तक पांच अधिकारियों पर गाज गिर चुकी है।
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस तरीके से मोकामा में घटना हुई, उसमें गिरफ्तारी जरूरी थी। लेकिन पीएम बिहार आने वाले हैं, फिर भी हत्या के कांड रुक नहीं रहे। यह गंभीर चिंता का विषय है। बिहार में महाजंगलराज की स्थिति है यह तो होना ही था।
राजद के आरोपों पर जेडीयू ने तीखा पलटवार किया है। जनता दल यूनाइटेड के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि “मोकामा मेरा जन्मस्थान है। 2005 के पहले यह क्षेत्र कत्लगाह बना हुआ था। बेटे की मौत पर पिता को रोने का अधिकार नहीं था। नीतीश कुमार की सरकार बनने के बाद यहां स्थिति में सुधार हुआ। जमीन विवाद की घटनाएं होती रहीं, लेकिन बड़ी वारदात नहीं हुईं। चुनाव से पहले जब बड़ी घटना हुई, तो सरकार ने बिना भेदभाव के कार्रवाई की।
नीरज कुमार ने आगे कहा कि हमने तो कार्रवाई करके दिखा दिया, पर तेजस्वी यादव बताएं कि वे क्या कर रहे हैं। रीतलाल यादव किस मठ के महंथ हैं? एडीआर की रिपोर्ट कहती है कि राजद ने 76 प्रतिशत टिकट आपराधिक छवि वाले नेताओं को दिया है। राजद राजनीति में जंगलराज लाना चाहता है। लेकिन बिहार की जनता जानती है कि नीतीश कुमार हैं तो सब महफूज हैं, बेटियां उड़ान भरेंगी।