Bihar Politics: ‘मंदिर-मस्जिद के नाम पर लड़ाने वालों का इस चुनाव में सफाया तय’ बीजेपी पर बरसे मुकेश सहनी

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 12, 2025, 6:32:14 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो reporter

Bihar Politics: विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी शनिवार को मोकामा के घोसवरी पहुंचे और बाबा चौहरमल मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा बहुत दिनों से यहां आने की थी, लेकिन दुर्भाग्यवश वह नहीं पहुंच सके। जब इस बार मेला समिति का आमंत्रण मिला तो आज यहां पहुंच गए। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य है कि यहां आकर आशीर्वाद लिया।


उन्होंने पुरानी बातों को याद करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान ने मुझे यहां चलने की बात कही थी, लेकिन मैं आ नहीं सका था। उन्होंने कहा कि बाबा चौहरमल का आशीर्वाद मिल जाए तो हमारी नैया पार हो जाए। वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि बाबा चौहरमल नैतिकता, मानवता, त्याग और शक्ति के प्रतीक थे। 


उन्होने कहा कि जब भी मान-सम्मान की रक्षा की बात आती है तो चौहरमल बाबा पीछे नहीं हटे। वे सामुदायिक सौहार्द के भी प्रतीक थे। आज हमें बाबा चौहरमल के आदर्शों पर चलने की जरूरत है। आज भी मंदिर-मस्जिद के नाम पर समाज में लड़ाने की कोशिश की जाती है। लेकिन, हम सभी को मिलजुल कर रहने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि अगले चुनाव में मंदिर-मस्जिद के नाम पर राजनीति करने वालों का सफाया तय है।