1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 27, 2025, 4:28:57 PM
- फ़ोटो reporter
Bihar Politics: बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो शराबबंदी कानून की समीक्षा की जा सकती है। तेजस्वी ने कहा कि इस विषय पर बुद्धिजीवियों, अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर किसी नीति या कानून को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो उस पर बातचीत होनी चाहिए। बातचीत के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने नीतीश सरकार पर जबरदस्त हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का एक इंजन भ्रष्टाचार में और दूसरा इंजन अपराध में लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि अपराधी आज सरकार चला रहे हैं। अपराधी विजय और सम्राट हो गए हैं। एंबुलेंस में गैंगरेप हो रहा है, दिनदहाड़े गोलीबारी हो रही है और एक हफ्ते में 100 से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि CAG रिपोर्ट में 71,000 करोड़ रुपये का घोटाला उजागर हुआ है।
सरकार के पास कोई हिसाब नहीं है कि यह पैसा कहां खर्च हुआ। यह पूरी तरह से भ्रष्टाचारियों और अपराधियों की सरकार बन चुकी है। जब उनसे उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव द्वारा नई पार्टी बनाने के बारे में पूछा गया तो तेजस्वी ने हंसते हुए जवाब दिया कि कितनी पार्टियां बनती रहती हैं।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना