Bihar Voter Adhikar Yatra: बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान फिर हादसा, तेजस्वी यादव के रोड शो में सुरक्षाकर्मी का पैर टूटा

Bihar Voter Adhikar Yatra: महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान फिर हादसा हुआ। शेखपुरा में तेजस्वी यादव के रोड शो में गाड़ी की चपेट में आकर एक सुरक्षाकर्मी का पैर टूट गया। इससे पहले नवादा में भी राहुल गांधी की गाड़ी से पुलिसकर्मी घायल हुआ था।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 21, 2025, 7:27:37 PM

Bihar Voter Adhikar Yatra

- फ़ोटो social media

Bihar Voter Adhikar Yatra: बिहार महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक बार फिर हादसे की खबर सामने आई है। गुरुवार को शेखपुरा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के रोड शो के दौरान एक गाड़ी की चपेट में आने से एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में सुरक्षाकर्मी का पैर गाड़ी के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसका पैर टूट गया।


यह हादसा शेखपुरा के खांडपर मोहल्ले में हुआ। घायल सुरक्षाकर्मी की पहचान शंभु सिंह के रूप में हुई है, जो देवघर निवासी रामप्रवेश सिंह का पुत्र है। उसे पहले शेखपुरा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में हालत गंभीर होने पर नालंदा के पावापुरी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घायल सुरक्षाकर्मी किस नेता का निजी बॉडीगार्ड है।


इससे दो दिन पहले मंगलवार को नवादा में भी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मौजूदगी में एक बड़ा हादसा हुआ था। राहुल गांधी की थार गाड़ी से एक पुलिसकर्मी को टक्कर लग गई थी, जिससे उसका भी पैर टूट गया था।


उस मामले में गाड़ी चला रहे ड्राइवर के खिलाफ नवादा नगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। ड्राइवर पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। घटना के वक्त राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों उसी गाड़ी में मौजूद थे। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा इन दिनों राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित की जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।