1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 19, 2025, 7:56:09 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar politics : बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई ‘महिला संवाद’ यात्रा को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर जदयू ने कड़ा ऐतराज जताया है। पार्टी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि तेजस्वी यादव का यह बयान न केवल एक सकारात्मक पहल पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं और अधिकारों का भी अपमान करता है।
जदयू ने साफ किया कि महिला संवाद कोई चुनावी हथकंडा नहीं है, बल्कि यह बिहार की महिलाओं को केंद्र में रखकर उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर सीधा संवाद स्थापित करने की एक क्रांतिकारी कोशिश है। 600 डिजिटल रथों के ज़रिए सरकार राज्य के कोने-कोने तक जाकर महिलाओं की बात सुनना चाहती है।
तेजस्वी यादव द्वारा 225 करोड़ रुपये के खर्च को सरकारी खजाने की लूट बताने पर पलटवार करते हुए जदयू ने कहा कि यह बयान महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण से तेजस्वी की असली परेशानी को दिखाता है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, "तेजस्वी जी भूल जाते हैं कि उनके शासन में पैसे घोटालों में गुम होते थे, लेकिन नीतीश सरकार में हर पैसा लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में लगाया जाता है।" जदयू ने अंत में कहा कि महिला संवाद पर सवाल उठाना सिर्फ एक योजना का विरोध नहीं है, बल्कि यह पूरे महिला वर्ग की प्रगति और सशक्तिकरण के खिलाफ मानसिकता को उजागर करता है।