1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sep 07, 2025, 2:53:56 PM
- फ़ोटो Google
Kerala Congress Controversy: केंद्र सरकार द्वारा बीड़ी पर जीएसटी घटाने के फैसले के बाद केरल कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम द्वारा एक विवादित पोस्ट साझा किया गया था, जिसने बिहार की जनता को लेकर राजनीतिक हलकों में आक्रोश पैदा कर दिया था। पोस्ट में बीड़ी और बिहार को लेकर 'B' अक्षर से जोड़ते हुए व्यंग्य किया गया था, जिसे बिहार के लोगों ने अपमानजनक बताया था।
विवाद बढ़ने के बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया से हटा ली गई, लेकिन तब तक मामला राजनीतिक तूल पकड़ चुका था। इसी वर्ष बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं और राजद नेता तेजस्वी यादव सहित सत्ताधारी दलों ने इस पोस्ट पर आपत्ति जताई थी। भारी फजीहत होने के बाद केरल कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम पर कांग्रेस हाईकमान ने नाराजगी जताई।
इसके जवाब में, 6 सितंबर 2025 को सोशल मीडिया प्रभारी वी.टी. बलराम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। केरल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने मीडिया को बताया कि “पोस्ट एक गंभीर लापरवाही और अविवेकपूर्ण निर्णय था। जैसे ही गलती का अहसास हुआ, पोस्ट डिलीट कर माफ़ी मांगी गई। सोशल मीडिया टीम का जल्द ही पुनर्गठन किया जाएगा।”
वी.टी. बलराम ने स्पष्ट किया कि विवादास्पद पोस्ट उनकी जानकारी के बिना साझा की गई थी, और उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की इच्छा जताई। इधर, बिहार की सत्तारूढ़ बीजेपी-जदयू गठबंधन ने इस पोस्ट को बिहार के लोगों का सीधा अपमान बताते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा था। वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी सार्वजनिक रूप से कांग्रेस से माफी की मांग की थी।