1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Oct 22, 2025, 5:42:41 PM
आरजेडी उम्मीदवार का विरोध - फ़ोटो Google
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के बेढ़ना गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महागठबंधन के प्रत्याशी कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया पर जनसंपर्क के दौरान पथराव कर दिया गया। स्थानीय युवकों द्वारा किए गए इस हमले के चलते लल्लू मुखिया को अपने समर्थकों सहित मौके से भागना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
जानकारी के अनुसार, लल्लू मुखिया अपने कार्यकर्ताओं के साथ बेढ़ना गांव में जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। इसी दौरान कथित रूप से उनके कुछ कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से अपशब्दों का प्रयोग किया, जिससे माहौल बिगड़ गया और गुस्साए युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख प्रत्याशी और उनके समर्थक तुरंत वहां से रवाना हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जिला परिषद सदस्य विजय शंकर सिंह मौके पर पहुंचे और आक्रोशित युवाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। पथराव की घटना के बाद लल्लू मुखिया बिना जनसंपर्क पूरा किए अपने चुनाव कार्यालय लौट गए।
बाद में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लल्लू मुखिया ने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारा संघर्ष लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है। चुनावी माहौल में ऐसी घटनाएं दुखद हैं, लेकिन हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि किसी भी प्रत्याशी या समर्थक को नुकसान न पहुंचाया जाए।
बता दें कि बाढ़ विधानसभा सीट पर इस बार महागठबंधन और एनडीए के बीच कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है। जहां राजद की ओर से लल्लू मुखिया मैदान में हैं, वहीं एनडीए की ओर से जेडीयू उम्मीदवार सियाराम सिंह चुनावी रण में हैं।