1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Oct 31, 2025, 3:53:42 PM
- फ़ोटो Google
Dularchand Murder Case: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा कांड ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले पर चुनाव आयोग और प्रशासन की कार्यवाही पर सवाल उठाए और मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी एवं बाहुबली अनंत सिंह को बिना नाम लिए निशाने पर लिया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर चुनाव आयोग और प्रशासन अब तक क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हथियारों के साथ 40 गाड़ियों का काफिला घूम सकता है, लेकिन कोई रोक नहीं रहा। अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। चुनाव आयोग को स्वत: संज्ञान लेना चाहिए कि इस पर क्या कार्रवाई हुई।
घटना की बात करें तो बीते गुरुवार को मोकामा के खुशहाल चक के पास प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी अपने समर्थकों के साथ प्रचार कर रहे थे। उनके साथ बाहुबली दुलारचंद यादव भी मौजूद थे। उसी मार्ग से अनंत सिंह और उनके समर्थक गुजर रहे थे। दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, फिर ईंट-पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसके बाद दुलारचंद यादव की मौत हो गई।
दुलारचंद यादव को टाल के बाहुबली के रूप में जाना जाता था और वे कभी आरजेडी के करीबी रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने अनंत सिंह, उनके दो भतीजों रणवीर और कर्मवीर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद एफआईआर दर्ज की है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पहले गोली मारी गई और फिर गाड़ी से कुचलकर दुलारचंद की हत्या की गई। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।