1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Oct 11, 2025, 7:16:49 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Election 2025: जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा एनडीए की अहम बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। दिल्ली में उनकी भाजपा नेताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है, जिसमें सीट बंटवारे के फार्मूले के साथ-साथ कई अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय झा ने कहा कि इन लोगों को पता है कि क्या होने वाला है, रिजल्ट क्या होगा। अब नामांकन होने वाला है और हम लोग दिल्ली इसी तैयारी के तहत जा रहे हैं। नीतीश कुमार के लिए पूरी जनता खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि बहुत जल्द एनडीए में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला सार्वजनिक कर दिया जाएगा और स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।
तेजस्वी यादव द्वारा प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के वादे पर तंज कसते हुए संजय झा ने कहा कि देख लीजिए क्या हालत है। जिन लोगों को नौकरी दी, उनसे जमीन ले ली गई और अब उसी पर कोर्ट में सुनवाई चल रही है। बिहार के युवाओं को नीतीश कुमार पर पूरा भरोसा है।
जब उनसे जदयू के कुछ नेताओं के राजद में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं, चुनाव के वक्त ऐसा होता है। टिकट के लिए लोग इधर-उधर जाते हैं, लेकिन असली मुद्दा यह है कि चुनाव नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा जा रहा है और हम देख रहे हैं कि हमारी जीत सुनिश्चित है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना