1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 24, 2025, 6:36:14 PM
- फ़ोटो reporter
Purnea News: पूर्णिया के धमदाहा में आगामी 25 अगस्त, सोमवार को राजकीय शहीद दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के उद्देश्य से बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने रविवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सबसे पहले स्थानीय शहीद स्मारक स्थल का दौरा किया और वहां मौजूद धमदाहा एसडीओ अनुपम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने स्थानीय शहीद स्मारक समिति के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में शहीद स्मारक पर सजावट, पंडाल, लाइटिंग आदि की तैयारियों को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। साथ ही, स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्वक समारोह स्थल पर लाने और उन्हें सम्मानित करने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।
बता दें कि मंत्री लेसी सिंह के प्रयासों से ही इस कार्यक्रम को राजकीय दर्जा प्राप्त हुआ है। समारोह की शुरुआत सोमवार की सुबह झंडोत्तोलन के साथ होगी, जिसके बाद अन्य सांस्कृतिक और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।