1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Aug 07, 2025, 1:31:12 PM
चुनाव आयोग को तेजस्वी का जवाब - फ़ोटो reporter
Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वे इंडिया गठबंधन की एक अहम बैठक में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में इंडिया गठबंधन की एक बड़ी बैठक हो रही है, जिसमें मैं भाग लूंगा। साथ ही रक्षाबंधन भी है और मेरी बहन दिल्ली में रहती है, तो उससे मिलने भी जा रहा हूं।
तेजस्वी यादव ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने 50% टैरिफ बढ़ा दिया है, लेकिन भारत सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। देश को भारी नुकसान हो रहा है और प्रधानमंत्री चुप हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति 28 बार कह चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार भी इस पर बोलने की ज़रूरत नहीं समझी। अब यही लोग बिहार में आकर कहेंगे कि हम 'विश्वगुरु' बन गए। इससे समझिए कि देश कैसे चलाया जा रहा है।"
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग की ओर से नोटिस भेजे जाने को लेकर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हमें चुनाव आयोग की ओर से कोई नोटिस नहीं मिला है। हमें अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर से नोटिस मिला है, जिसका हम जवाब दे रहे हैं। अब बताइए, दो EPIC नंबर किसने जारी किए? जिसने जारी किए वही हमसे सवाल कर रहा है कि ये कहां से आए। गलती किसी और की, लेकिन जवाब हमसे मांगा जा रहा है।
वहीं जब उनसे अनंत सिंह के जेल से बाहर आकर जेडीयू से चुनाव लड़ने पर सवाल किया गया, तो तेजस्वी ने कहा कि यह सवाल मुझसे मत पूछिए। हमारे प्रवक्ता बंटू सिंह हैं, वही इस पर जवाब देंगे।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना