Hindi News / bihar / begusarai-news / Bihar News: बेगूसराय में गार्ड की संदिग्ध मौत, कंपनी मालिक पर हत्या का...

Bihar News: बेगूसराय में गार्ड की संदिग्ध मौत, कंपनी मालिक पर हत्या का आरोप

Bihar News: बेगूसराय के बरौनी थाना क्षेत्र में गार्ड विगन सिंह की संदिग्ध मौत, शव पर चोट के निशान। परिजनों ने कंपनी मालिक पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस जांच शुरू।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 01, 2025, 3:13:10 PM

Bihar News

अस्पताल के बाहर का दृश्य - फ़ोटो रिपोर्टर

Bihar News: बेगूसराय के बरौनी थाना क्षेत्र के असुरारी स्थित बियाडा के पास एक निजी कंपनी में कार्यरत गार्ड विगन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव कंपनी के समीप फेंका हुआ मिला। शव पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने कंपनी मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि विगन को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला था और बकाया वेतन मांगने पर मालिक के साथ उनकी मारपीट और झड़प हुई थी।


परिजनों के अनुसार विगन और कंपनी मालिक के बीच पहले भी पैसे को लेकर विवाद और मारपीट हो चुकी थी। इस बार बकाया वेतन की मांग पर मालिक ने उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बरौनी ब्लॉक के असुरारी एनएच-31 पर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण और परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बरौनी थाना अध्यक्ष ने बताया कि हत्या का आरोप लगाया गया है, लेकिन अभी तक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


रिपोर्टर: हरेराम दास