1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 27, 2025, 8:35:44 AM
घटनास्थल की तस्वीर - फ़ोटो रिपोर्टर
Bihar News: मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड के गंगा पार झौवाबहियार गांव में चोरी के आरोप में चार नाबालिग बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है। दबंगों ने कानून को ताक पर रखते हुए चार नाबालिगों के हाथ रस्सी से बांधकर न केवल उनकी पिटाई की, बल्कि उन्हें पूरे गांव में घुमाया।
इस घटना का 20 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि नाबालिग बच्चे शर्मिंदगी के कारण अपनी नजरें नहीं उठा पा रहे थे। हैरानी की बात यह है कि बच्चों के परिजनों ने भी इस क्रूरता का विरोध नहीं किया।
जानकारी के अनुसार गांव में एक व्यक्ति के घर से लगभग 25 किलो मटर दाना चोरी हुआ था। जांच के बाद शनिवार को एक नाबालिग को पकड़ा गया, जिसने चोरी की बात कबूल की और अपने तीन अन्य नाबालिग दोस्तों के नाम बताए। इसके बाद चारों बच्चों को उनके घरों से पकड़कर गांव के चौराहे पर लाया गया।
वहां पहले उनकी पिटाई की गई, फिर उनके हाथ रस्सी से बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान कुछ किराना दुकानदारों और ग्रामीणों ने भी अपनी दुकानों से हुई चोरी का इल्जाम इन बच्चों पर लगाया। गांव में घुमाए जाने के दौरान बच्चों की आंखों से आंसू निकल रहे थे।
इस बारे में ग्रामीण कमल किशोर ने बताया कि चोरी की घटना के बाद बच्चों को इस तरह घुमाया गया ताकि वे भविष्य में ऐसा न करें। वहीं, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को अपने हाथ में लेने की छूट किसी को नहीं है।
रिपोर्ट: मो. इम्तियाज
बिहार दिवस समारोह में अनोखा नजारा: नीतीश के गुब्बारे जमीन पर गिरे, सम्राट चौधरी के उड़े आसमान में...
बिहार दिवस पर CM नीतीश को बधाई, JDU प्रदेश महासचिव ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात....दी शुभकामनाएं ...
पूर्व JDU नेता केसी त्यागी ने RLD का दामन थामा, दिल्ली में पार्टी चीफ जयंत चौधरी ने दिलाई सदस्यता...