Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / मुजफ्फरपुर में बंटी-बबली गिरफ्तार: यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करते थे पति-पत्नी...

मुजफ्फरपुर में बंटी-बबली गिरफ्तार: यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करते थे पति-पत्नी

मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने वाले पति-पत्नी पंकज और संयोगिता को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से सोना तौलने की मशीन और अन्य सामान बरामद, जांच जारी।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Mar 24, 2026, 5:53:56 PM

बिहार न्यूज

रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो सोशल मीडिया

MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर में रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई में नशीला पदार्थ पिला कर यात्रियों से लूटपाट करने वाले पति-पत्नी का जोड़ा गिरफ्तार किया गया। आरोपी पंकज कुमार (30) और उसकी पत्नी संयोगिता कुमारी (24) सदर थाना क्षेत्र के पताही मोहम्मदपुर के निवासी हैं। 


मुजफ्फरपुर रेल पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. वीणा कुमारी के कुशल निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने वाले एक शातिर दंपति को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज कुमार (30 वर्ष) और उसकी पत्नी संयोगिता कुमारी (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही मोहम्मदपुर के रहने वाले हैं।


यह पूरा मामला 21 मार्च 2026 को प्रकाश में आया, जब मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर 65 वर्षीय वृद्ध महिला सुगिया देवी बेहोशी की हालत में मिलीं। रेल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसमें उन्होंने बताया कि स्टेशन पर एक महिला और पुरुष (जिनके साथ एक छोटा बच्चा भी था) उनके पास आकर बैठे। उन लोगों ने महिला को अपने विश्वास में लिया और उन्हें कोल्ड ड्रिंक पिलाई। ड्रिंक पीने के कुछ ही देर बाद महिला का सिर घूमने लगा और वे बेहोश होकर वहीं गिर पड़ीं। जब उन्हें होश आया, तो उनके गले से सोने की 'जितिया' और नाक की 'नोजपिन' गायब थी।


घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को गहनता से खंगाला। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध दंपति की पहचान की। 22 मार्च 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर प्लेटफार्म संख्या-06 से आरोपी पंकज और संयोगिता को बच्चे के साथ संदिग्ध स्थिति में गिरफ्तार कर लिया गया।


पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पीड़िता सुगिया देवी ने भी उनकी पहचान सुनिश्चित की। पुलिस ने इनके पास से सोना तौलने वाली एक छोटी इलेक्ट्रॉनिक मशीन, एक टैब और लोहे का एक छोटा कटर बरामद किया है। रेल पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह जोड़ा किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है या पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। रेल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली है।