Bihar News: घर की छत पर बागवानी कर बढ़ाएं अपनी आय, बिहार सरकार दे रही इतना अनुदान; जानिए..

Bihar News: बिहार सरकार ने शहरी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी और भूमि की कमी से निपटने के लिए ‘छत पर बागवानी योजना’ शुरू की है, जिसके तहत 75% तक अनुदान देकर लोगों को छतों पर सब्जियां उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 27, 2026, 6:45:04 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar News: शहरी क्षेत्रों में भूमि की कमी और बढ़ती गर्मी की समस्या से निपटने के लिए बिहार सरकार ने ‘छत पर बागवानी योजना’ को गति दी है। इस योजना के तहत शहरों में रहने वाले लोग अपनी छतों पर सब्जियां उगा सकते हैं, जिसके लिए सरकार 75 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है।


योजना का उद्देश्य पोषण सुरक्षा बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और परिवारों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराना है। इसका संचालन कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय द्वारा किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत 30 गमलों (पौधों सहित) की एक इकाई की लागत 10 हजार रुपये निर्धारित की गई है। 


वहीं ‘फार्मिंग बेड मॉडल’ की लागत 60 हजार रुपये तय की गई है। दोनों मॉडलों पर 75 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध है, जिससे सीमित संसाधनों वाले परिवार भी आसानी से इस योजना से जुड़ सकते हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 428 लाभार्थी योजना का फायदा उठा चुके हैं। इसके लिए 3.17 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। वर्तमान में यह योजना पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर नगर निगम क्षेत्रों में लागू है। 


शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के किसान परिवार, श्रमिक, महिलाएं तथा मध्यम वर्ग के लोग इसके पात्र हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, छतों पर हरित आवरण विकसित होने से घरों का तापमान नियंत्रित रहता है। इससे गर्मी में राहत मिलती है और ‘अर्बन हीट आइलैंड’ प्रभाव को कम करने में मदद मिलती है। सरकार की यह पहल पर्यावरण संतुलन और सतत शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।