1st Bihar Published by: First Bihar Updated Sat, 07 Feb 2026 09:41:24 AM IST
- फ़ोटो
TRE 4 Vacancy : बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की बहाली को लेकर बड़ी तैयारी चल रही है। शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह अहम खबर है। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि आने वाली भर्ती विषयों की प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने विधान परिषद (MLC) में पूछे गए सवाल के जवाब में भर्ती प्रक्रिया और विषयों की प्राथमिकता को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्तमान समय में सरकारी स्कूलों में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स विषय के शिक्षकों की भारी कमी है। इसी वजह से आगामी बहाली में इन विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा विभाग की कोशिश है कि जिन विषयों में शिक्षकों की कमी है, पहले उन्हें पूरा किया जाए ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। वहीं, उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल शारीरिक शिक्षा और संगीत विषय के शिक्षकों की नियुक्ति की कोई योजना नहीं बनाई गई है।
शिक्षा मंत्री ने राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि जुलाई महीने से बिहार के 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज शुरू किए जाएंगे। जिन प्रखंडों में कॉलेज भवन अभी तैयार नहीं हुआ है, वहां सरकारी किराये के भवन या खाली पड़े सरकारी भवनों में कॉलेज संचालित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि छात्रों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सके और उन्हें दूसरे जिलों में जाने की जरूरत न पड़े।
इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की बहाली को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने TRE-4 के तहत शिक्षकों की भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 44 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए पदों का रोस्टर सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया गया है। रोस्टर की जांच पूरी होने के बाद वास्तविक रिक्तियों की सूची बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजी जाएगी, जिसके बाद आधिकारिक वैकेंसी जारी होगी।
भर्ती प्रक्रिया में सभी कक्षाओं के लिए शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे। क्लास 1 से 8 तक के लिए 19 हजार पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं क्लास 9 और 10 के लिए 12 हजार पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा क्लास 11 और 12 के लिए 13 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इन सभी स्तरों पर गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स विषय के शिक्षकों की सबसे ज्यादा भर्ती होने की संभावना जताई गई है।
शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि वर्तमान में बिहार में लगभग 6 लाख शिक्षक कार्यरत हैं। पिछले दो वर्षों में राज्य में 2.27 लाख शिक्षकों की भर्ती की गई है। इसके साथ ही करीब 3 लाख नियोजित शिक्षकों को सरकारी शिक्षक का दर्जा दिया जा चुका है। सरकार का दावा है कि इन कदमों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और आने वाले समय में स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरी तरह खत्म करने का प्रयास किया जाएगा।