Hindi News / bihar / patna-news / Bihar Weather: आज बिहार के 14 जिलों में भारी बारिश की संभावना, मौसम...

Bihar Weather: आज बिहार के 14 जिलों में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने किया सावधान

Bihar Weather: बिहार में कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी। पटना, नालंदा, गया समेत 14 जिलों के लोगों को रहना होगा सावधान। बाढ़ का भी बढ़ा खतरा।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 01, 2025, 7:13:24 AM

Bihar Weather

प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google

Bihar Weather: बिहार में मॉनसून की सक्रियता के कारण मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। जिससे कई नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 1 अगस्त को पटना, नालंदा, बेगूसराय, जहानाबाद, शेखपुरा, गयाजी, नवादा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, पूर्वी चंपारण, भागलपुर और पूर्णिया सहित 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।


6 जिलों गयाजी, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, और मुंगेर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका है। 8 जिलों पटना, नालंदा, बेगूसराय, जहानाबाद, शेखपुरा, बक्सर, भोजपुर और पूर्णिया में येलो अलर्ट है, जहाँ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी/घंटा की हवाएँ संभावित हैं।


पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मध्य भारत में बना कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम मॉनसून को सक्रिय कर रहा है, जिससे 5 अगस्त तक बिहार में हल्की से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कोसी, बागमती और गंडक जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से उत्तर बिहार में कई जगहों पर बाढ़ का खतरा भी मंडरा रहा है।


सीतामढ़ी में लखनदेई नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। पटना में बुधवार रात को हुई भारी बारिश से गांधी मैदान, कंकड़बाग, और राजेंद्र नगर में जलभराव की स्थिति बनी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। औरंगाबाद के रफीगंज में 70.4 मिमी बारिश दर्ज की गई जो कि बीते 24 घंटों में सबसे अधिक थी।


यह बारिश धान की खेती के लिए फायदेमंद है क्योंकि यह बुआई और फसल वृद्धि में मदद करेगी। हालांकि, उत्तर बिहार के 22 में से 16 जिलों में सामान्य से 44% कम बारिश के कारण सूखे जैसे भी हालात हैं। बिहार में अब तक 241.9 मिमी बारिश हुई, जबकि 432.2 मिमी होनी चाहिए थी। IMD ने 3-5 अगस्त के बीच उत्तर बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। जिससे सूखे की स्थिति का सामना कर रहे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।