1st Bihar Published by: Updated Dec 05, 2021, 4:17:33 PM
- फ़ोटो
DESK : यूपी में यूपीटेट परीक्षा लीक मामले में बिहार के नरकटियागंज की भाजपा विधायक रश्मि वर्मा के भाई का नाम आने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है. प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर बीजेपी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पेपर आउट कराने के घोटाले का मास्टरमाइंड भाजपा विधायक का भाई है.
प्रियंका गांधी के ट्वीट पर पलटवार करते हुए बीजेपी विधायक रश्मि वर्मा ने कहा कि मैं प्रियंका गांधी जी से ये सवाल पूछना चाहती हूं कि आप इतनी बड़ी नेता हैं और मैं एक छोटी सी कार्यकर्ता हूं और ये मुद्दा ही नहीं आना चाहिए था कि कौन किसका भाई है और कौन बहन है.
रश्मि वर्मा ने आगे कहा कि मेरा मायका है सरहरी स्टेट और मैं शिकारपुर स्टेट से हूं. मेरी पहचान शिकारपुर से क्योंकि मैं वहां की बहू हूं जो महात्मा गांधी के कर्मभूमि पश्चिमी चंपारण में है. मेरी पहचान ये है कि मैं नरकटियागंज विधानसभा से हूं, मेरी पहचान है कि मैं बिहार से हूं ना कि यूपी स्टेट से.
उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर इस तरह के लांछन लगाने से पहले आपको मेरे बारे में पूरी जानकारी ले लेनी चाहिए थी. जहां तक बात है यूपी सरकार की तो आपको अच्छी तरह पता होगा कि किस लेवल की सरकार वहां चल रही है और वो किसी को बख्शने नहीं जा रही ना ही किसी को फंसाने जा रही है. इसलिए आप निश्चित रहें, सभी को न्याय मिलेगा.

दरअसल प्रियंका ने शनिवार शाम इस मामले को लेकर एक ट्वीट किया और लिखा कि यूपीटेट घोटाले में दाल में कुछ काला ही नहीं, पूरी दाल ही काली है. पेपर छापने का ठेका देने से लेकर, परीक्षा के प्रबंधन तक हर कदम पर भ्रष्टाचार किया गया.

वहीं प्रियंका ने इससे पहले कहा था कि खबरों के अनुसार यूपीटेट पेपर आउट कराने के घोटाले का मास्टरमाइंड भाजपा विधायक का भाई है. योगी आदित्यनाथ सख्ती और पारदर्शिता की आपकी सभी बातें खोखली हैं.