1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated Feb 04, 2025, 12:13:58 PM
हादसे में दो की मौत - फ़ोटो reporter
Road Accident: बिहार के जमुई में एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियों और हाइवा की जोरदार टक्कर हुई है।
दरअसल, जमुई में मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे सिकंदरा मुख्य चौक पर तिलक से लौट रही स्कॉर्पियो और हाइवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कार्पियो सवार दो लोगों की जान चली गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नवादा जिले के रोह थाना अंतर्गत कुंज गांव से स्कॉर्पियो सवार 6 लोग लखीसराय जिले के कजरा थाना अंतर्गत अरवां गांव तिलक फलदान में गए थे।
अरवां गांव से तिलक फलदान कर लौटने के दौरान सुबह करीब तीन बजे लखीसराय रोड से नवादा रोड प्रवेश करने के क्रम में जमुई से शेखपुरा की ओर तेज गति में बालू लेकर जा रही 18 चक्का हाइवा ट्रक ने स्कॉर्पियो के बाए साइड जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना भयानक था कि सिकंदरा चौक के समीप स्कूल के गेट को तोड़ते हुए स्कॉर्पियो स्कूल के कैंपस तक जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान नवादा के रोह थाना क्षेत्र के कुंज गांव निवासी 62 वर्षीय अरुण सिंह एवं 66 वर्षीय रमाकांत सिंह के रूप में हुई है। जबकि कुंज गांव निवासी 50 वर्षीय विपिन सिंह, 70 वर्षीय वीरेंद्र सिंह, 14 वर्षीय कृपा शंकर गौरव एवं स्कार्पियो चालक नवादा के महुली गांव निवासी 35 वर्षीय वरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।