1st Bihar Published by: First Bihar Updated Sat, 21 Feb 2026 04:54:58 PM IST
सोशल मीडिया पर उठे सवाल - फ़ोटो सोशल मीडिया
BHAGALPUR:भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के रत्तिपुर बैरिया पंचायत के बैरिया गांव में शिवरात्रि के मौके पर आयोजित रंगारंग कार्यक्रम के दौरान महिला डांसर के साथ स्टेज पर हथियार लहराते एक युवक का डांस करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक की पहचान में जुटी है।
भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के रत्तिपुर बैरिया पंचायत के बैरिया गांव से एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां मेला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर डांसर के साथ हाथ में हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया पर युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है, मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डांसर स्टेज पर डांस कर रही है वही हाथ में देसी कट्टा लहराकर युवक डांस करने पहुंच जाता हैं तभी आयोजक पहुंचकर युवक को हथियार छीनकर मंच से उतरने का प्रयास करता है नीचे मौजूद लोग तालियां बजाते और कार्यक्रम का आनंद उठाते दिखाई दे रहे हैं।
नाम नहीं छापने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर बैरिया गांव में दो दिवसीय मेले का आयोजन किया गया था। जिसमें रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। इस दौरान गांव के ही साहब मंडल का पुत्र भोला कुमार मंडल देसी कट्टा लेकर मंच पर पहुंच गया और डांस करने लगा। तभी मेले के आयोजको द्वारा युवक को वहां से हटाया गया । बताया जाता है कि युवक का पूर्व से मोटरसाइकिल चोरी और छिनतई करने का आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस तरह खुलेआम मंच पर हथियार का प्रदर्शन कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। इस वायरल वीडियो की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता। फिलहाल पुलिस कार्यक्रम आयोजकों और वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कार्यक्रम की प्रशासनिक अनुमति ली गई थी या नहीं और हथियार किसका था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस हथियार चमकाने वाले युवक को कब तक अरेस्ट कर पाती है।
भागलपुर से अजित की रिपोर्ट