1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sat, 21 Feb 2026 12:36:37 PM IST
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार के गोपालगंज में अवैध शराब के खिलाफ जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। करोड़ों रुपये मूल्य की जब्त देशी-विदेशी शराब पर बुलडोजर चलाकर उसका विनष्टीकरण किया गया। यह पूरी कार्रवाई उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त निगरानी में संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और उत्पाद विभाग की कार्रवाई में जब्त की गई अवैध शराब को एकत्र कर नियमानुसार नष्ट किया गया। करीब 100 कांडों में जब्त लगभग 12 हजार लीटर शराब को बुलडोजर से नष्ट किया गया। इनमें एक्साइज के 20 मामले और विभिन्न थानों के 80 मामले शामिल थे।
विनष्टीकरण की प्रक्रिया सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ पूरी की गई। शराब को चिन्हित स्थल पर लाकर गड्ढा खोदकर बुलडोजर से नष्ट किया गया, ताकि दोबारा इसका दुरुपयोग न हो सके। पूरी कार्रवाई पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारी की मौजूदगी में कराई गई।
उत्पाद अधीक्षक अमितेश कुमार झा ने बताया कि जब्त शराब की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है और आगे भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। यह कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र के बल्थरी चेक पोस्ट और मीरगंज थाना क्षेत्र में सख्त निगरानी के बीच की गई। गौरतलब है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद तस्करी की कोशिशें जारी रहती हैं। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को अवैध कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज