1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sat, 21 Feb 2026 08:21:36 AM IST
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के गयाजी जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। नक्सल प्रभावित इलाके से 175 डेटोनेटर और करीब 300 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया है। इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि सुरक्षाबल समय पर मौके पर नहीं पहुंचे होते तो नक्सलियों की साजिश पूरे शहर में तबाही मचा सकती थी।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई डुमरिया प्रखंड अंतर्गत छकरबंधा थाना क्षेत्र के दक्षिण-पूर्वी इलाके में हुई। लुटुआ थाना क्षेत्र के भुसिया, महादेव स्थान, सिंघवा, बालीबथान, सिकारी कुआं और गुलरिया तरी पहाड़ी के जंगलों से सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए डेटोनेटर, अमोनियम नाइट्रेट और अन्य नक्सली उपयोगी सामान भारी मात्रा में बरामद किया गया।
यह ऑपरेशन गया के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार के निर्देशन में तथा सीआरपीएफ डी/215वीं बटालियन के कमांडेंट संजीत कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया। इमामगंज एसडीपीओ कमलेश कुमार और सहायक कमांडेंट के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पूरे अभियान को अंजाम दिया।
सीआरपीएफ डी/215वीं बटालियन नागोबार टीम द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान लडुईया पहाड़ और सिंघवा स्थान के जंगली क्षेत्र में लगभग 11:40 बजे पहाड़ की गुफा से 175 वाणिज्यिक विद्युत डेटोनेटर, 300 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, 1000 मीटर वाणिज्यिक कॉर्डेक्स तार और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई। बरामद सामग्री को मौके पर ही बम निरोधक दस्ता (BDS) ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों की बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने की साजिश विफल हो गई।